कैंसर में अति नारियल पानी, समझो पीने वाले की खत्म हुयी जिंदगानी

कैंसर में अति नारियल पानी,  समझो पीने वाले की खत्म हुयी जिंदगानी
पंकज अवधिया  

तो आपके बंगलुरु वाले वैद्य ने आपको दो महीनों के बाद आने को कहा है. बीच में कोई नई समस्या हो तो इसे आपको देखना है. वैद्य निर्धारित समय से पहले नही मिलते हैं.

आप कर्नाटक से आयीं है और ब्रेस्ट कैंसर की रोगी हैं. बंगलुरु के वैद्य से आपकी चिकित्सा चल रही हैं.  आपने आधुनिक चिकित्सकों के हाथ खड़े करने के बाद बहुत सारे वैद्यों से दवाएं ली पर लाभ न होने पर आपने हाल ही में इस वैद्य से सम्पर्क किया. इन्होने आपको दवाओं के साथ अधिक मात्रा में नारियल पानी पीने को कहा है.

पिछले सप्ताह आपका स्वास्थ बिगड़ने लगा और आपको नजदीक के अस्पताल में भर्ती होना पड़ा. वहां डाक्टरों ने बताया कि आपकी किडनी खराब हो रही है. आपको लगा कि आपके कैंसर ने अब पूरे शरीर में फैलना शुरू कर दिया है इसलिए अब किडनी की यह समस्या हो रही है.

अस्पताल से छुट्टी के बाद आपने फिर से वैद्य की दवा लेनी शुरू कर दी. किडनी की समस्या के लिए आपने वैद्य से संपर्क करने की कोशिश की पर आपको कोई जवाब नही मिला. आपने इंटरनेट पर मेरे शोध कार्यों को देखने के बाद मुझसे मिलने का समय लिया है. मैं आपकी मदद करूंगा.

मैं आपको बताना चाहता हूँ कि आप जिस वैद्य से दवा ले रही हैं उनसे मेरा परिचय है. उनके फार्मूले के बारे में भी जानकारी मेरे पास है. उनके फार्मूले में कोई दोष नही है. यह उनका पीढीयों पुराना फार्मूला है जिसे वे मूल रूप में आज भी रोगियों को देते हैं. उनकी दवाओं से बहुत लोगों को लाभ हुआ  है. किडनी की खराबी उनकी दवाओं के कारण नही है.

मैं आपको यह भी बताना चाहता हूँ कि किडनी की इस समस्या का आपके कैंसर के कोई लेना-देना नही है. आपकी मेडीकल रिपोर्ट भी यही कहती है.

मैंने आपसे दिन भर ली जाने वाली भोजन सामग्रियों के बारे में पूछा तो बड़ी चौकाने वाली बात पता चली. आप कम से कम भोजन कर रही है और वैद्य की बात को ध्यान में रखते हुए दिन भर नारियल पानी पी रही है. आपने जब मात्रा का जिक्र किया तो मेरे होश उड़ गये.

मैं आपको बताना चाहता हूँ कि नारियल पानी कम मात्रा में स्वास्थ के लिए लाभदायक है पर जिस मात्रा में आप इसे ले रही हैं इस मात्रा में इसे लेने के बाद अब तक आपकी किडनी कैसे बची रही यह आश्चर्य का विषय है.

वैज्ञानिक अनुसन्धान बताते है कि जब आप इतनी अधिक मात्रा में नारियल पानी पीते हैं तो शरीर में पोटेशियम की मात्रा बढ़ जाती है. इससे आप अपने होश खो सकते हैं और हृदय की गति अनियमित हो सकती है. इससे तुरंत ही आपकी किडनी काम करना बंद (Acute Renal Failure) कर सकती है. इसलिए नारियल पानी की मात्रा हर व्यक्ति के लिए अलग होनी चाहिए और यह उसके स्वास्थ के अनुसार होनी चाहिए. किडनी के रोगियों और हृदय रोगियों को इसे अधिक मात्रा में लेने से बचना चाहिए.

आपने तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में प्रचलित  Thalaikoothal नामक प्रक्रिया के बारे में सुना  होगा. इसमें मृत्यु की इच्छा रखने वाले बुजुर्ग व्यक्ति को मृत्यु प्रदान करने के लिए कई विधियां अपनाई जाती हैं. इन विधियों में सबसे प्रमुख विधि नारियल पानी से जुडी हुयी है.

बुजुर्ग व्यक्ति को सुबह से नारियल पानी दिया जाता है और यह तब तक दिया जाता है जब तक कि उनका हृदय काम करना बंद न कर दे और किडनी पूरी तरह बेकार न हो जाए. यह सब कुछ ही घंटों में हो जाता है.

मेरी यही सलाह है कि आप नारियल पानी का अति सेवन बंद कर दें. आपकी समस्या का समाधान हो जाएगा.
    
मेरी शुभकामनाएं आपके साथ हैं.

-=-=-
कैंसर की पारम्परिक चिकित्सा पर पंकज अवधिया द्वारा तैयार की गयी 1000 घंटों से अधिक अवधि की  फिल्में आप इस लिंक पर जाकर देख सकते हैं. 
सर्वाधिकार सुरक्षित
 E-mail:  pankajoudhia@gmail.com

-=-=-

Comments

Popular posts from this blog

Some well known and promising traditional formulations and home remedies of Chhattisgarh, India needing scientific explanation. 6-405. [Compilation of Summaries and Research Articles] (New comments and results of recent [year 2005 onwards] Ethnobotanical surveys)

गुलसकरी के साथ प्रयोग की जाने वाली अमरकंटक की जड़ी-बूटियाँ:कुछ उपयोगी कड़ियाँ

तेलिया कंद से चमत्कारिक कैंसर उपचार: ठगी का एक और माध्यम