व्यवसायीकरण की प्रतीक्षा में हाई ब्लड प्रेशर से निपटने का अनोखा ज्ञान
पारम्परिक चिकित्सकीय ज्ञान के साथ मेरी जीवन यात्रा-2 - पंकज अवधिया व्यवसायीकरण की प्रतीक्षा में हाई ब्लड प्रेशर से निपटने का अनोखा ज्ञान "मैं जिस पद पर हूँ वहां तो तनाव से बचा ही नहीं जा सकता| तीन कम्पनियों का प्रमुख होने के नाते दिन भर मुझे मातहतों से कडाई से पेश आना होता है| तनाव के कारण उच्च रक्तचाप की समस्या बढ़ती जा रही है| ढेरों दवाएं की पर लाभ अब कम होता जा रहा है| दवाओं के साइड इफेक्ट सामने आने लगे हैं| आपके लेख पढे तो मुझे लगा कि एक बार आपसे मिलना चाहिए| सो, चला आया|" यह बात पांच वर्ष पुरानी है| मैंने उनकी दवाओं की पर्ची देखी तो सिर घूम गया| दवा लेते लेते वे खुद भी डाक्टर की तरह जानकार बन गए थे पर अपने मर्ज से नहीं उबर पा रहे थे| जिस दिन वे मुझसे मिलने आये उस दिन मैं जंगल जाने की योजना बना रहा था| थोड़ी ही सी चर्चा से मुझे लगा कि इन्हें साथ में ले जाया जा सकता है| इस जंगल यात्रा के दौरान हम दसों पारम्परिक चिकित्सकों से मिले पर सभी ने दवाएं सुझाई| दिल्ली वाले कम्पनी प्रमुख नए प्रयोगों के लिए तैयार नही...